समापन पर आयोजन समिति ने कलाकारों को किया सम्मानित
भनवापुर। भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र के गोपिया गांव में चल रहे श्रीरामलीला महोत्सव का समापन भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के मंचन के साथ हुआ। अंतिम दिन रावण, कुंभकर्ण, मेघनाद और अहिरावण वध की लीला का भी मंचन किया गया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। श्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
रामलीला के अंतिम दिन कलाकारों ने भगवान श्रीराम की लंका विजय, रावण सहित अन्य राक्षसों के वध और अंत में श्रीराम के राजतिलक की लीला का जीवंत मंचन किया। कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। राजतिलक के दृश्य के दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजन समिति की ओर से रामलीला में विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाने वाले सभी कलाकारों को सम्मानित किया गया। समिति के सदस्यों ने कलाकारों के अभिनय की सराहना करते हुए धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही रामलीला के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले लोगों के प्रति आभार जताया।
इस दौरान सुशील पांडेय, मनीष पांडेय, दिनेश पांडेय, संतोष पांडेय, मनीष बाबा, विजय यादव समेत क्षेत्र के अन्य लोग मौजूद रहे।