- माधव पार्क में धरना-प्रदर्शन कर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
- मानदेय, रोजगार, कर्ज और ब्याज से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग
बांसी। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें ‘लखपति दीदी’ बनाने के सरकारी दावों के बीच स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने शुक्रवार को अपनी आर्थिक समस्याओं को लेकर आवाज उठाई। कांग्रेस नेता हेमंत चौधरी की अगुवाई में महिलाओं ने माधव पार्क में धरना-प्रदर्शन कर योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के बाद तहसीलदार बृजेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर मानदेय, रोजगार, ऋण और ब्याज से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए हेमंत चौधरी ने कहा कि ग्रामीण महिलाएं सरकारी योजनाओं को गांवों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित आय, रोजगार और आर्थिक सुरक्षा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के दावों के बीच उनकी समस्याओं का समाधान भी जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से संबंधित विभागों से जवाब मांगने और समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से महिला कर्मियों के मानदेय, रोजगार के अवसर, ऋण और ब्याज से जुड़ी समस्याओं पर कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शन में समूह की प्रदेश प्रभारी पिंकी गौड़, जिलाध्यक्ष अनीता विश्वकर्मा, शाहजहां, कुसुम लोधी, अन्नू यादव, कांग्रेस के अभिनव राय और विक्की रिजवी सहित बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं शामिल रहीं।