सिद्धार्थनगर। जिले के विभिन्न स्थानों पर स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की 41 प्रतिमाओं को सुरक्षित करने के लिए बाउंड्रीवाल का निर्माण होगा। इसके तहत 3.41 करोड़ रुपये की लागत से चिह्नित किए गए प्रतिमा स्थलों पर बाउंड्रीवाल निर्माण, मरम्मत व सुंदरीकरण कार्य कराया जाना है। प्रत्येक प्रतिमा स्थल पर निर्माण कार्यों के लिए 8.33 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
शासन की ओर से निर्गत धनराशि से निर्माण कार्य कराने की निविदा प्रक्रिया ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा शुरू कर दी गई है। प्रशासन द्वारा इन स्थलों पर बाउंड्रीवाल के निर्माण से जहां प्रतिमाओं की सुरक्षा होगी, वहीं भूमि समेत अन्य विवाद से भी निजात मिलने की संभावना है।
विगत कुछ वर्षों के बीच जिले के बांसी, डुमरियागंज, जोगिया आदि क्षेत्रों में स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थलों पर विवाद की स्थिति उत्पन्न होती रही है। इनमें कुछ जगहों पर प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने और कुछ स्थानों पर भूमि संबंधी मामलों के चलते विवाद हुए थे। इसको देखते हुए प्रशासन की ओर से ऐसे प्रतिमा स्थलों को चिह्नित करते हुए बाउंड्रीवाल मरम्मत व सुंदरीकरण की कार्ययोजना शासन को भेजी गई थी।
इसमें डुमरियागंज ब्लॉक क्षेत्र में सर्वाधिक नौ प्रतिमा समेत खेसरहा व उसका में पांच-पांच, खुनियांव व जोगिया में चार-चार प्रतिमाएं शामिल हैं। इनके अलावा बांसी, मिठवल, शोहरतगढ़, भनवापुर, बढ़नी व नौगढ़ ब्लॉक क्षेत्र में स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाएं संरक्षित की जाएंगी। वहीं शहर समेत नगर पंचायत डुमरियागंज व भारतभारी समेत अन्य कस्बों में भी बाउंड्रीवाल समेत अन्य निर्माण कार्य होने हैं। शासन की ओर से स्वीकृति मिलने के बाद ग्रामीण अभियंत्रण विभाग निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।