ककरहवा। मोहाना क्षेत्र के मोहाना, निबिहवा में खाद दुकानदार निर्धारित दर से अधिक कीमत पर डीएपी और यूरिया खाद का विक्रय कर रहे हैं। सहकारी समितियों पर खाद उपलब्ध न होने के कारण मुंह मांगी कीमत अदा कर खाद लेने के लिए क्षेत्रीय किसान मजबूर हैं।
मोहाना थाना क्षेत्र के भुजौली गांव निवासी एक किसान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा। इसमें किसान अपनी समस्या बता रहा है। संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
जानकारी के अनुसार, मोहाना थाना क्षेत्र के भुजौली निवासी गनपत का एक वीडियो दो दिन से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पेशे से किसान गनपत ने 24 सेकेंड के इस वायरल वीडियो में आरोप लगाया है कि निबिहवा स्थित एक उर्वरक की दुकान से डीएपी लेने पर 1800 रुपये वसूल किए गए हैं जबकि दुकानदार ने 1350 रुपये के दर से ही डीएपी का बिल काटा है। यह दर्द सिर्फ एक किसान का नहीं है। ककरहवा सहकारी समिति पर बीते 10 दिन से ताला लटक रहा है, जिसकी वजह से किसान प्राइवेट दुकान से अधिक कीमत पर खाद लेने को मजबूर हैं। प्राइवेट दुकानदार किसानों की मजबूरी का फायदा उठाकर मनमानी कीमत वसूल रहे हैं।