बांसी। साधन सहकारी समिति मधुकरपुर के केंद्र प्रभारी पर सोमवार को कालाबाजारी और किसानों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए किसानों ने हंगामा किया।
किसानों ने जिला पंचायत सदस्य रीता देवी के साथ तहसील कार्यालय पहुंच कर एसडीएम बांसी निखिल चक्रवर्ती को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की। एसडीएम ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। जिला पंचायत सदस्य रीता देवी के नेतृत्व में एसडीएम बांसी को दिए गए शिकायती पत्र में किसानों ने आरोप लगाया कि वे ग्राम तेजगढ़ के निवासी हैं।
ग्राम पंचायत के न्याय पंचायत मधुकरपुर में साधन सहकारी समिति पर कार्यरत सचिव और केंद्र प्रभारी संगीता किसानों को खाद नहीं दे रही हैं। खाद के लिए निर्धारित 266 रुपया की जगह तीन सौ रुपये प्रति बोरी की वसूली की जा रही है। इसके अलावा किसानों के साथ अभद्रता भी कर रही हैं। खाद मांगने वाले किसानों को भगा देती हैं। आरोप है कि जो किसान एक-दो बोरा खाद लेता है उसके नाम पर पांच बोरी चढ़ाकर खारिज कर रही है।
सभी किसान सचिव के क्रिया कलाप से काफी परेशान हैं। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि समिति की सचिव मेंबर बनाने के नाम पर तमाम लोगों से 250 रुपये लिए गए हैं, लेकिन आज तक मेंबर कार्ड नहीं दिया गया। ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधि गंगाराम निषाद, अजय कुमार, धर्मराज, तिलकराम, पंचगुलाम, पिहर आदि मौजूद रहे। शोहरतगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार, पिछले एक हफ्ते से डोहरिया खुर्द बी पैक्स सहकारी समिति पर उपलब्ध होने के बावजूद यूरिया का वितरण न होने से किसान परेशान हैं। किसान समिति पर घंटों बैठकर यूरिया बंटने का इंतजार करते हैं और फिर निराश होकर वापस लौट जा रहे हैं। बता दें कि बीते शुक्रवार को खाद उतरवाने के दौरान समिति के सचिव से किसानों की मारपीट हो गई थी। इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी।