- आपराधिक रिकार्ड को देखते हुए पुलिस रिपोर्ट पर डीएम ने की कार्रवाई
सिद्धार्थनगर। आपराधिक प्रवृत्ति के जिले के पांच लोगों पर डीएम डॉ. राजागणपति आर ने गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार इन आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के भय से लोग केस दर्ज कराने और गवाही देने का साहस नहीं जुटा पाते हैं। डीएम ने इन सभी को छह माह के लिए जिले की सीमा में प्रवेश करने पर रोक लगाते हुए उन्हें जिले से बाहर के निवास स्थल की सूचना देने का भी आदेश दिया है।
जिलाधिकारी न्यायालय के आदेश के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के काशीराम आवास निवासी सुमित बाल्मिकी, डुमरियागंज थाना क्षेत्र के टिकरिया निवासी उजैर अहमद, थाना क्षेत्र कठेला समयमाता के बगुलहवा निवासी मोहम्मद उमर, बांसी थाना क्षेत्र के श्यामनगर मोहल्ला निवासी उस्मान उर्फ कल्लू और गोल्हौरा थाना क्षेत्र के पिपरा निवासी हरिओम के विरुद्ध गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। डीएम ने जनसमुदाय के लिए खतरनाक और अभ्यस्त अपराधी होने के कारण इन पांचों पर गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।