ककरहवा। बर्डपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सभा बर्डपुर नंबर 10 के प्रधान प्रतिनिधि ने डीएम को शिकायत पत्र देकर ग्रामसभा के राशन कार्ड धारकों को पिछले माह का राशन न दिए जाने का आरोप लगाया है। वर्तमान माह के राशन वितरण में कोटेदार टालमटोल कर रहा है।
प्रधान प्रतिनिधि के अनुसार, 24 दिसंबर को कोटेदार द्वारा उपभोक्ताओं को नवंबर माह का राशन न दिए जाने और वर्तमान में भी राशन वितरण में हीलाहवाली करने की शिकायत संबंध प्रार्थनापत्र जिला पूर्ति अधिकारी को दिया गया था। इसके बावजूद पूर्ति निरीक्षक विध्यवासिनी श्रीवास्तव द्वारा केवल कागजी खानापूर्ति करते हुए उचित दर विक्रेता को निलंबित कर दिया गया जबकि मौके पर जा कर जांच नहीं की गई।
प्रधान प्रतिनिधि ने आरोप लगाया कि पूर्ति निरीक्षक द्वारा उपभोक्ताओं के बयान लेने के बाद न तो गोदाम खुलवाकर खाद्यान्न स्टॉक की जांच की गई और न ही यह देखा गया कि कितना राशन उपलब्ध है। कार्ड धारकों से जानकारी लेने पर यह तथ्य सामने आया कि अंगूठा लगवाने के बावजूद तीन-चार माह से राशन वितरित नहीं किया गया है। शिकायत पत्र में मांग की गई कि कार्ड धारकों को प्रति माह नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए।