भनवापुर। पंचायती विभाग की ओर से भनवापुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत चौखड़ा को गरीब मुक्त श्रेणी में शामिल किया गया है।
साथ ही इन गांवों को सभी योजनाओं से संतृप्त बताया गया है जबकि वर्तमान में इस गांव में कई परिवार सरकारी राशन पर निर्भर है। हालांकि, गांव में पंचायत भवन, सीएससी, आरआरसी, विद्यालय आदि संचालित है और पिछले वर्ष मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार भी प्राप्त हो चुका है।
जिले के पिछड़े ब्लाॅक में शामिल भनवापुर क्षेत्र में स्थित चौखड़ा गांव की आबादी करीब पांच हजार से अधिक है, जिसमें सामान्य, पिछड़ी, अल्पसंख्यक व दलित वर्ग के लोग निवास करते हैं। पंचायती राज विभाग द्वारा प्रधानों की जारी किए अपने एक्सपोजर विजिट के लिए सूची जारी की है, जिसमें जिले के भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र के चौखड़ा गरीब मुक्त गांव की श्रेणी में रखा गया है। कागजी आंकड़ों पर गौर करें तो गांव में आज भी पात्रता गृहस्थी राशन कार्ड की सूची में 611 परिवार तो गरीबी रेखा से नीचे (अंत्योदय राशन कार्ड) 83 परिवार सरकारी राशन पर निर्भर है। अब सबसे बड़ा सवाल है कि जिस गांव में आज भी करीब सात सौ परिवार सरकारी राशन पर निर्भर है, जो मेहनत मजदूरी कर अपना परिवार चलाते हैं, इस गांव को किस मानक के तहत गरीब मुक्त का तमगा दिया गया है। र