- माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वेबसाइट पर अपलोड किए प्रश्नपत्र, प्रश्नों के प्रारूप और अंक विभाजन को समझने में मिलेगी मदद
सिद्धार्थनगर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने विभिन्न विषयों के मॉडल पेपर अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। विद्यार्थी इनकी मदद से परीक्षा में पूछे जाने वाले प्रश्नों के प्रारूप, अंक विभाजन और प्रश्नों की संरचना को समझकर तैयारी कर सकेंगे।
जिले में संचालित करीब 200 माध्यमिक विद्यालयों के 60 हजार से अधिक विद्यार्थी इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हैं। बोर्ड परीक्षा को लेकर जिले में तैयारियां चल रही हैं। वहीं, परीक्षा केंद्र निर्धारित करने की प्रक्रिया भी जारी है। विद्यालयों में विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम समय से पूरा कराने पर जोर दिया जा रहा है।
मॉडल पेपर उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी को बेहतर दिशा देने में मदद मिलेगी। वे निर्धारित समय में प्रश्नपत्र हल करने का अभ्यास कर सकेंगे। इससे उत्तर लिखने की गति बढ़ाने और परीक्षा के दौरान समय का सही प्रबंधन करने में भी सहूलियत मिलेगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से विभागीय पोर्टल पर मॉडल पेपर अपलोड किए गए हैं। विद्यार्थी इनके आधार पर तैयारी करेंगे तो उन्हें परीक्षा में लाभ मिलेगा।
किताबों के साथ मॉडल पेपर पर भी जोर
परीक्षा की तैयारी में जुटे विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकों के अध्ययन के साथ मॉडल पेपर हल करने पर भी ध्यान देना चाहिए। इससे प्रश्नों के स्तर, परीक्षा के प्रारूप और निर्धारित अंकों के अनुरूप उत्तर लिखने का अभ्यास होगा। साथ ही विद्यार्थी अपनी कमजोरियों को पहचानकर संबंधित विषयों की तैयारी में सुधार कर सकेंगे। परिषद की वेबसाइट पर इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र और नागरिक शास्त्र समेत विभिन्न विषयों के मॉडल पेपर उपलब्ध कराए गए हैं। विद्यार्थी इन्हें देखकर अपनी तैयारी का आकलन कर सकते हैं और परीक्षा से पहले समयबद्ध तरीके से अभ्यास कर सकते हैं।