तुलसियापुर। बढ़नी ब्लाक के अहिरौला में स्थित नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भुतहवा को उसके जर्जर भवन से निजात दिलाने के लिए राज्यसभा सदस्य बृजलाल ने कदम बढ़ाया है। डीएम के आग्रह पर साढ़े 69 लाख रुपये की सांसद निधि देने की घोषणा की है।
इस अस्पताल के कायाकल्प से आसपास के कई गांवों की 60 हजार से अधिक आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
बढ़नी ब्लाॅक के अहिरौला में स्थित नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भुतहवा का भवन पूरी तरह से जर्जर हो गया है। पीएचसी पर बढ़नी ब्लाॅक के अहिरौला, औदही कलां, गड़रखा, मनिकौरा, तालकुंडा, मटियार उर्फ भुतहवा, खैरी उर्फ झुंगहवां, खैरी शीतल प्रसाद, मानपुर, मदरहिया, रेड़वरिया समेत दो दर्जन से अधिक गांवों और टोलों के हजारों लोग इलाज के लिए आते हैं। विभागीय लापरवाही से अस्पताल का भवन भी पूरी तरह से जर्जर हो चुका है।
डीएम डाॅ. राजागणपति आर के आग्रह पर राज्यसभा सांसद बृजलाल ने सांसद निधि से अस्पताल में लेबर रुम, स्टाफ रूम इत्यादि के निर्माण के लिए 69 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि देने की घोषणा की है।