- जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों का होगा निर्माण
- विधायकों के प्रस्ताव पर पूर्वांचल विकास निधि (जिलांश) से मिलेगी धनराशि
सिद्धार्थनगर। जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 51 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। पूर्वांचल विकास निधि (जिलांश) वर्ष 2026-27 के तहत इसके लिए 16.50 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को जिला स्तरीय समिति ने संस्तुति दी है। विधायकों के प्रस्ताव पर होने वाले इन कार्यों से करीब डेढ़ सौ गांवों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय समिति की बैठक में सड़कों के निर्माण प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इसके तहत बांसी विधानसभा क्षेत्र में सात, इटवा में 11, डुमरियागंज में 10, शोहरतगढ़ में सात और कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र में आठ सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव शामिल है। इसके अलावा शिक्षक विधायक की ओर से भी आठ सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव दिया गया है।
इन कार्यों के लिए पूर्वांचल विकास निधि के सामान्य मद से 10.95 करोड़ और एसीपी मद से 5.48 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। समिति की संस्तुति के बाद कार्ययोजना अनुमोदन के लिए मंडलायुक्त बस्ती को भेज दी गई है। अनुमोदन मिलने के बाद निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी बीएस यादव और एडीईएसटीओ रंजीत कुमार मौजूद रहे।
कस्बों और गांवों में बनेंगी सड़कें
कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के नौगढ़ ब्लॉक में महदेवा बाजार से सेमरा पुल पिच रोड तक जर्जर सड़क का निर्माण होगा। उसका ब्लॉक के बरदहा से चित्तापुर गांव तक सड़क बनेगी। कोल्हुआ ढाला से बभनी लंगड़ी और मुड़िली से दर्जीपुर तक सीसी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। बांसी विधानसभा क्षेत्र में कुड़जा से गेंगटा और कोईलकटवा से बसंतपुर मोड़ तक सड़क बनाई जाएगी। इटवा विधानसभा क्षेत्र में दुर्गाजोत से अहिरौली और जोगीकुंड से डुगडुइया तक सड़क निर्माण होगा। शोहरतगढ़ और डुमरियागंज क्षेत्र में भी विभिन्न सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
स्कूल, अस्पताल और मंदिर तक पहुंचेगी सड़क
शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी के प्रस्ताव पर नगर पंचायत उसका में किसान इंटर कॉलेज, नौगढ़-बर्डपुर मार्ग से मुस्लिम इंटर कॉलेज महदेईया, भड़रिया मार्ग से बिमला इंटरनेशनल स्कूल, रतनसेन इंटर कॉलेज बांसी, उदयभान चौधरी किसान इंटर कॉलेज परसौना और शेषमणि चतुर्वेदी इंटर कॉलेज बसडीला तक सीसी सड़क बनाई जाएगी। विधायक श्यामधनी राही के प्रस्ताव पर उसका ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिटिया तक सड़क बनेगी। इसके अलावा खुनियांव ब्लॉक के भलुही प्राथमिक विद्यालय, इटवा के खुखुड़ी प्राथमिक विद्यालय और बढ़नी ब्लॉक के खरिकौरा स्थित हनुमान मंदिर तक सड़क निर्माण प्रस्तावित है।
पूर्वांचल विकास निधि (जिलांश) से जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर सड़कों की कार्ययोजना को संस्तुति दी गई है। अनुमोदन मिलने के बाद निर्माण कार्य कराया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
- शिवशरणप्पा जीएन, जिलाधिकारी