भनवापुर। ब्लाॅक क्षेत्र के 27 गांवों में शनिवार को छाया एकीकृत टीकाकरण सत्र का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित एएनएम के द्वारा 406 बच्चों को टीकाकरण के साथ ही 162 गर्भवतियों की प्रसव पूर्व जांच और टीकाकरण किया गया।
वहीं, क्षेत्र के 1263 बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी गई। अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने ग्राम पलेशर व खरैली पहुंचकर टीकाकरण सत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एएनएम, आशा बहू और आंगनबाड़ी उपस्थित मिली तथा एएनएम पास अपडेटेड ड्यू लिस्ट व आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध था।
अधीक्षक ने आशा बहुएं और आंगनबाड़ी को निर्देशित किया कि 9 माह से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को गांव से बुलाकर विटामिन ए की खुराक दिलवाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आशा बहुएं नवजात शिशु की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेने के लिए 42 दिन की भीतर सात बार भ्रमण करेंं।
अधीक्षक ने कहा कि एएनएम गर्भावस्था के दौरान कम से कम चार बार प्रसव पूर्व जांच जरूर करें, जिससे समय रहते उच्च जोखिम के लक्षण को पहचान करते हुए इलाज व परामर्श के निर्देश दिए।