भनवापुर। ब्लॉक क्षेत्र के 29 गांवों में बुधवार को छाया एकीकृत टीकाकरण सत्र का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित एएनएम के द्वारा 397 बच्चों को टीकाकरण के साथ ही 163 गर्भवतियों की प्रसव पूर्व जांच और टीकाकरण किया गया।
अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने ग्राम मन्नीजोत, खम्हरिया और भड़रिया पहुंचकर टीकाकरण सत्र का औचक निरीक्षण किया और अपडेटेड ड्यू लिस्ट, लॉजिस्टिक और टीकाकरण व एचआरपी रजिस्टर चेक किया।
अधीक्षक ने एएनएम के द्वारा दी गई सेवाओं जैसे बीपी, शुगर, वजन, हीमोग्लोबिन, एचआईवी, सिफलिस व पेट आदि जांचों का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान अधीक्षक ने प्राथमिक विद्यालय भड़रिया में अध्ययनरत बच्चों को सफाई, हाथ धुलने विधि की जानकारी और 10 व 16 वर्ष में दिए जाने वाले टीडी वैक्सीन को लगवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों में बुखार में देरी पड़ेगी भारी इसलिए बुखार होने पर चिकित्सीय सलाह जरूरी है।
उन्होंने कहा कि कुपोषित और अतिकुपोषित बच्चों में संक्रमण होने की संभावना अधिक होती है, इसलिए आंगनबाड़ी कुपोषित व अति कुपोषित बच्चों की लाइन लिस्टिंग तैयार करते हुए एएनएम से चिकित्सीय इलाज व परामर्श दिलवाले में सहयोग करें। इससे आवश्यकता अनुसार पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती करवाया जा सके।
बीएमसी सूर्यदेव सिंह और बीसीपीएम मेराज अहमद ने कहा कि आशा बहू नवजात शिशु व बच्चों के देखभाल कार्यक्रम, टीकाकरण के एक दिन पूर्व ड्यू लिस्ट अपडेशन और टीकाकरण सत्र पर लाभार्थियों को बुलाकर सेवा दिलवाने में विशेष ध्यान दें।
इस दौरान साधना सिंह, सोनिया वर्मा, संध्या श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य राजीव कुमार, अरुण पांडेय, राजकुमार पांडेय, शहनाज, हमीदुन मौजूद रहीं।1