- खांसी, गले में खराश, त्वचा रोग और जोड़ों के दर्द से पीड़ित मरीज पहुंचे, निशुल्क बांटी गई दवाएं
भनवापुर। ब्लॉक क्षेत्र के पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें कुल 290 मरीजों का उपचार कर उन्हें निशुल्क दवाएं दी गईं। मेले में खांसी, गले में खराश, एसिडिटी, फंगल इन्फेक्शन, जोड़ों में दर्द और त्वचा रोग से पीड़ित मरीज अधिक पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें आवश्यक दवाएं दीं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।
पीएचसी तरहर में डॉ. हनुमंत लाल मिश्रा ने 31 मरीजों का उपचार किया। पीएचसी बिजौरा में डॉ. ईशदेव आर्य ने 30, पीएचसी सोहना में डॉ. एससी शर्मा ने 46 और पीएचसी कोहड़ौरा में डॉ. राहुल कुमार ने 97 मरीजों की जांच कर दवाएं दीं। वहीं, पीएचसी बिस्कोहर में डॉ. एहतेशाम अहमद ने 86 मरीजों का उपचार किया।
इस दौरान अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने पीएचसी सोहना और बिजौरा पहुंचकर आरोग्य मेले का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
इस मौके पर पीएन तिवारी, त्रिशूलधर चतुर्वेदी, धीरज राय, अंबुज श्रीवास्तव, अखिलेश तिवारी, विनय किशोर और मनोज मिश्रा आदि मौजूद रहे।