भनवापुर। ब्लाॅक क्षेत्र के कृषि विज्ञान केंद्र सोहना में पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं हस्तांतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। किसानों के खाते में सीधे प्रधानमंत्री की ओर से कोयंबटूर तमिलनाडु से किस्त की धनराशि हस्तांतरित की गई।
मुख्य अतिथि सांसद जगदंबिका पाल ने बताया कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं को संचालित कर रही है, जिसका लाभ सीधे किसानों को मिल रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र सोहना के वरिष्ठ वैज्ञानिक और अध्यक्ष डॉ. ओम प्रकाश ने कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा किए गए कार्यों के बारे में जानकारी दी। प्रसार वैज्ञानिक डॉ. शेष नारायण सिंह ने फसल अवशेष प्रबंधन के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि किसान फसल अवशेष को न जलाएं। अवशेष को इकट्ठा करके डी कंपोजर द्वारा खेत में सड़ने दें। डॉ. सर्वजीत द्वारा सरसों की खेती के बारे में जानकारी दी गई, डॉ. प्रवेश कुमार ने प्राकृतिक खेती के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि किसान भाई खेती के साथ साथ पशु पालन करें।
उद्यान वैज्ञानिक डॉ. प्रवीण कुमार मिश्र ने जैविक तरीके से सब्जी उत्पादन के बारे में बताया। डॉ. मार्कंडेय सिंह द्वारा कृषकों को गेहूं की उन्नत खेती के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान कृषि उप निदेशक राजेश कुमार, सच्चिदानंद पांडेय, रामकुमार उर्फ चिंकू यादव, जयवर्धन तिवारी, अशोक कुमार, राधेश्याम आदि मौजूद रहे।ि