सिद्धार्थनगर। जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए आयोजित परीक्षा में शनिवार को जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इसमें 3267 छात्रों ने परीक्षा दिया जबकि 1708 छात्रों ने परीक्षा छोड़ा दी।
परीक्षा में कुल 4975 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर व्यापक इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ-साथ परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया।
वहीं, निर्धारित समय से पहले ही परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया गया। प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई तथा किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री, मोबाइल फोन, ब्लू टूथ डिवाइस या अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।
नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा इंचार्ज आनंद राम ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न हुई। किसी भी परीक्षा केंद्र पर किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किये गए थे।