सिद्धार्थनगर। जिले के नौगढ़, बांसी, इटवा, बर्डपुर, उसका बाजार समेत 14 विकास खंडों में कुल 1.61 लाख मतदाताओं का नाम बढ़ाया गया। 1.50 लाख मतदाताओं के नाम 2026 की सूची में विलोपित कर दिया गया है। पंचायत चुनाव 2026 के लिए कुल 21.3 लाख मतदाताओं की निर्वाचक नामावली की सूची का अनंतिम प्रकाशन मंगलवार को कर दिया गया है। 30 दिसंबर तक आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
यह जानकारी एडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पंचायत एवं नगरीय गौरव श्रीवास्तव ने दी है। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति उक्त निर्वाचक नामावली का कार्यालय के समय में निरीक्षण कर सकता है।
यदि नामावली में किसी भी नाम के सम्मिलित किए जाने के लिए कोई दावा या किसी प्रकार के अन्य विवरणों के संबंध में कोई संशोधन अपेक्षित हो अथवा सम्मिलित किसी नाम के संबंध में कोई आपत्ति हो तो उसे एडीएम या विकास खंड अधिकारी के कार्यालय में 30 दिसंबर तक दर्ज कराई जा सकती है। निर्वाचक नामावली समस्त संबंधित मतदान केंद्रों पर भी बीएलओ के पास उपलब्ध है।