- भनवापुर क्षेत्र के 8 गांवों में आयोजित हुआ छाया एकीकृत वीएचएसएनडी टीकाकरण शिविर
भनवापुर। ब्लाॅक क्षेत्र के आठ गांवों में बुधवार को छाया एकीकृत टीकाकरण सत्र का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित एएनएम ने क्षेत्र के 105 बच्चों का टीकाकरण किया, वहीं 52 गर्भवतियों की प्रसव पूर्व जांच और टीकाकरण किया।
पर्यवेक्षक मनोज कुमार ग्राम भड़रिया में पहुंचकर टीकाकरण का निरीक्षण किया और एएनएम के कार्यों का भौतिक सत्यापन किया। अपडेटेड ड्यू लिस्ट, लॉजिस्टिक और सभी रजिस्टर को चेक किया साथ ही टीकाकरण से इन्कार करने वाले परिवारों को प्रेरित किया। अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने बताया कि गर्भवतियों को गर्भावस्था के दौरान कम से कम चार बार टीकाकरण सत्र पर एएनएम की ओर से बीपी, शुगर, वजन, हीमोग्लोबिन, एचआईवी, सिफलिस व पेट आदि जांचें तथा कम से कम तीन बार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच कर चिकित्सीय सलाह व जांचें जरूर करवाएं, जिससे समय रहते उच्च जोखिम के लक्षण को पहचान कर इलाज शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रसव सरकारी अस्पताल में ही करवाएं, जिससे जन्म के समय नवजात शिशु को सभी वैक्सीन व जन्म प्रमाण पत्र मिल सके एवं जच्चा व बच्चा को सुरक्षित किया जा सके। मातृ और शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। अंत में गर्भवतियों की गोद भराई की रस्म पूरी की गई। एचईओ ने एएनएम व आशा बहू से कहा कि प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से वैक्सीन का लाभ न लेने वाले परिवार के घर जाकर वैक्सीन लेने के लिए प्रेरित करें और प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, नवजात शिशु व बच्चों के देखभाल कार्यक्रम पर ध्यान दें।