सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत मदर चाइल्ड ट्रैकिंग सिस्टम पोर्टल पर सिद्धार्थनगर को फिर से टॉप-10 में जगह मिली है। फरवरी माह में मातृ व शिशु पंजीयन और टीकाकरण के आधार पर जिले को प्रदेश में पांचवीं रैंक दी गई है। सूची में श्रावस्ती नंबर एक पर है तो उसके बाद गौतमबुद्ध नगर, हापुड़ और कौशांबी का नंबर है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग ऑनलाइन पोर्टल पर की जा रही है। मदर चाइल्ड ट्रैकिंग सिस्टम के इस पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं, बच्चों के पंजीयन, उनके नियमित टीकाकरण का पूरा ब्योरा अपडेट किया जा रहा है। इसके लिए प्रत्येक ब्लॉक पर डाटा एंट्री ऑपरेटर भी नियुक्त हैं। योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन व फीडिंग के आधार पर सिद्धार्थनगर की प्रगति सूबे के अन्य जिलों की अपेक्षा काफी बेहतर मिली है। फरवरी के आंकड़ों के आधार पर जारी ताजा रैकिंग में सिद्धार्थनगर सूबे में पांचवें स्थान पर है। इस माह में लक्ष्य के सापेक्ष जिले में मातृ पंजीयन 65.32 प्रतिशत, शिशु पंजीयन 68.30 प्रतिशत और टीकाकरण 66.15 प्रतिशत है।
इन आंकड़ों के आधार पर ही जिले की रैंकिंग तय की गई है। टॉप-10 में शामिल अन्य जिलों में श्रावस्ती सबसे ऊपर है। खास बात यह कि सूची में पूरे गोरखपुर-बस्ती मंडल से सिर्फ सिद्धार्थनगर ही जगह बना पाया है। सीएमओ डॉ. वेदप्रकाश शर्मा का कहना है कि अभियान की नियमित समीक्षा व मॉनीटरिंग के जरिए इसे और बेहतर बनाने को प्रयास है। जिले को नंबर 1 रैंकिंग तक पहुंचाने की पूरी कोशिश की जा रही है।