शोहरतगढ़। पति के जीवित रहते बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के दूसरी शादी करने के मामले में शिक्षामित्र बिंदुमती की सेवा समाप्त कर दी गई है। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जिलाधिकारी ने यह कार्रवाई की है। संबंधित शिक्षामित्र तहसील व ब्लॉक क्षेत्र बांसी के प्राथमिक विद्यालय महुआकला में तैनात थीं।
बताया जाता है कि इस प्रकरण में न्यायालय के निर्णय और ग्राम चयन समिति के प्रस्ताव के आधार पर खंड शिक्षा अधिकारी बांसी द्वारा सेवा समाप्ति का प्रस्ताव बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजा गया था। बीएसए शैलेष कुमार के अनुसार, डीएम के अनुमोदन के बाद ही सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जानी थी। इस मामले को लेकर 28 दिसंबर 2025 को अखबार में प्रमुखता से खबर प्रकाशित हुई थी, जिसके बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई प्रक्रिया तेज हुई। जिलाधिकारी ने अपर न्यायाधीश, परिवार न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 18 मार्च को शिक्षामित्र बिंदुमती को पद से मुक्त करने का आदेश जारी कर दिया। संवादࢫ