शेखनगर: घर के सामने जलभराव, बच्चे मारते हैं मछली
सड़क और जलनिकासी व्यवस्था नहीं होने से परेशान हैं मोहल्लेवासी
आठ वर्ष से बारिश में कीचड़ और गंदे पानी के बीच गुजरना मजबूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। घर के सामने ऐसा जलभराव कि बच्चे मछली का शिकार कर रहे हैं। जलनिकासी नहीं होने से कई दिनों से ठहरे गंदे पानी और कीचड़ के बीच गुजरना मोहल्लेवासियों की मजबूरी है। यह हालत है शहर के शेखनगर मोहल्ले का।
शेखनगर मोहल्ले में कुछ ऐसे घर भी है जहां तक न तो सड़क बनी है और न ही उनके घरों के सामने बारिश से होने वाले जलभराव के निकासी का इंतजाम है। पिछले आठ वर्ष से इस समस्या से जूझ रहे मोहल्लेवासियों का कहना है कि जिम्मेदारों से बार-बार शिकायत करने के बाद सड़क और नाली निर्माण नहीं हुआ। जिससे प्रत्येक वर्ष बारिश के मौसम में मोहल्ले के लोगों को गंदे पानी और कीचड़ के बीच गुजरना पड़ता है। इस बाबत नगर पालिका के ईओ शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि जल्द ही कार्ययोजना बनाकर मोहल्ले की सड़क और नालियों का मरम्मत कराई जाएगी।
मोहल्ले के आसपास का भी पानी लोगों के घर के सामने आकर भर जाता है। इसके निकासी का इंतजाम नहीं होने से यहां के लोगों को प्रतिदिन इसके बीच गुजरना मजबूरी है, इसका जल्द निदान की जाए।
- प्रहलाद
सड़क निर्माण होने जलभराव के बीच गुजरने से मुक्ति मिल जाती। कई बार सड़क निर्माण की मांग के बाद भी नगर पालिका द्वारा कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिम्मेदारों की लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है।
: राजेश
मोहल्ले में न तो जलनिकासी का इंतजाम है और न ही सफाई व्यवस्था और छिड़काव होता है। प्रतिदिन गंदे पानी और कीचड़ के बीच गुजरने से यहां के लोगों में संक्रमित रोग फैलने का खतरा है।
- विक्रम
बार-बार गुहार लगाने के बाद भी समस्या का निस्तारण नहीं होने से मोहल्ले के लोगों में नपा के प्रति नाराजगी है। स्थानीय स्तर पर समस्या निस्तारित नहीं होने पर उच्चाधिकारियों से गुहार लगाएंगे।
- मोतीलाल