संवाद न्यूज एजेंसी
ककरहवा। ककरहवा स्थित समय माता मंदिर में आयोजित सात दिवसीय शतचंडी महायज्ञ की शुरुआत शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। इस अवसर पर क्षेत्र के कूड़ा नदी से जल भरकर श्रद्धालु वापस समय माता मंदिर पर बने यज्ञ स्थल पर पहुंचे और कलश स्थापित किया।
धार्मिक आस्था और भक्ति के माहौल के बीच निकली कलश यात्रा में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। पूरा क्षेत्र जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा। पूरे कलश यात्रा के दौरान लोक कल्याण के लिए महिलाओं ने मंगल गीत गाया। पंडित कौशल नारायण त्रिपाठी के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरा। उसके बाद श्रद्धालु कलश लेकर भक्ति भाव से निर्धारित मार्गों से होते हुए यज्ञ स्थल तक पहुंचे।
श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे, महिलाओं के मंगल गीत से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। कलश यात्रा में मुख्य रूप से सदर विधायक प्रतिनिधि सत्यप्रकाश राही, नितेश पांडेय, बागेश्वरी मिश्रा, मार्कंडेय मिश्रा, भवानी, विजय गुप्ता, परमात्मा गुप्ता आदि मौजूद रहे।