सिद्धार्थनगर। नगर पालिका क्षेत्र के बुद्धनगर वार्ड में नौगढ़-सोहांस मार्ग पर एक माह पूर्व धंसा नाला हादसे को दावत दे रहा है। सड़क से सटे नाले के दोनों किनारे ध्वस्त हो चुके हैं। पानी से भरे नाले के पास से गुजरते राहगीर भयभीत रहते हैं। एक माह से अधिक समय बीतने के बाद भी ध्वस्त नाले का निर्माण न किए जाने से लोगों में असंतोष बना हुआ है।
नगर के वार्ड नंबर 15 के बुद्धनगर पिठनी खुर्द के पास निर्मित नगर पालिका क्षेत्र की सीमा में नाला निर्मित है। नगर क्षेत्र का गंदा पानी इसी नाले के जरिए जमुआर नाले में गिरता है। पिछले दिनों आई बाढ़ में पानी के दबाव से नाला ध्वस्त हो गया था। अयूब सिद्दीकी के घर के सामने नाले की दोनों दीवारें ध्वस्त हैं। ऐसे में गंदा पानी ओवरफ्लो कर सड़क तक पसर जाता है। सड़क से ठीक सटा नाला होने के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। इस मार्ग से सोहांस, लोटन, कोल्हुई, नौतनवा के लिए लोग आवागमन करते हैं।
रात के अंधेरे में अक्सर राहगीर भयभीत रहते हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि नाला निर्माण के लिए कई बार शिकायत कर चुके हैं, मगर नगर पालिका प्रशासन चैन की नींद सो रहा है। सोहांस और महदेवा क्षेत्र के राहगीर समद अहमद, फूलचंद यादव, अफसर खान, राम बहादुर साहनी, नंदलाल साहनी, प्रधान केशव राजभर, लड्डन खान, शशि प्रकाश श्रीवास्तव, झिनकू पांडेय, बजरंगी गोस्वामी, राकेश यादव, परम भाई, जामिया उहुद सोहंास के प्रबंधक मुहम्मद फैसल, बिन अब्दुल वहाब आदि ने शीघ्र नाला निर्माण की मांग की है।
सिद्धार्थनगर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष मुहम्मद जमील सिद्दीकी ने बताया कि बारिश और भीषण बाढ़ कुदरत का कहर है। इस पर किसी का बस नहीं है। वैसे मेरा पूरा प्रयास नगर पालिका को समस्या रहित करने का है। नौगढ़-सोहांस मार्ग पर पिठनी में नाला ध्वस्त होने का मामला संज्ञान में आ चुका है। इसकी शीघ्र मरम्मत की जाएगी।