बांसी कस्बे में स्थित बैंक बिल्डिंग में लगी आग।
संवाद न्यूज एजेंसी बांसी (सिद्धार्थनगर)। कस्बे में एक बिल्डिंग के बेसमेंट में संचालित कैफे में शनिवार की सुबह लगी आग बुझाने में कोतवाल, एक एसआई और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों समेत सात लोग झुलस गए।
आग बुझाने के दौरान सिलिंडर विस्फोट हो गया और कोतवाल व अन्य कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसे पांच लोगों को माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं, कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया। जानकारी के अनुसार कस्बे के बांसी-बस्ती मार्ग पर एक बिल्डिंग में एचडीएफसी बैंक की शाखा और नंदलाल ज्वेलर्स का शोरूम है। इसके नीचे भूतल पर लाइब्रेरी, जिम और कैफे संचालित है। कैफे का उद्घाटन एक सप्ताह पूर्व ही हुआ था।
बताया जा रहा है कि शनिवार को सुबह लगभग 7 बजे कैफे में आग लग गई। आग की चपेट में नंदलाल ज्वेलर्स और एचडीएफसी बैंक का बाहरी हिस्सा भी आ गया। सूचना पर कोतवाल रामकृपाल शुक्ल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर में फायर सर्विस की टीम भी पहुंच गई। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम आग बुझाने के प्रयास में जुटी थी कि इसी बीच कैफे में रखा सिलिंडर फट गया, इससे अचानक आग धधक उठी। इससे कोतवाल रामकृपाल शुक्ला (54), एसआई विजय प्रकाश दीक्षित (55), अग्निशमन कर्मी सत्यवीर यादव (32), तेज बहादुर यादव (87), संतोष चौरसिया (30), रविंद्र यादव (28) और बांसी निवासी मोहन शर्मा झुलस गए।
कोतवाल समेत झुलसे हुए सभी कर्मचारियों को पीएचसी बांसी पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद कोतवाल रामकृपाल शुक्ल और मोहन शर्मा को छोड़कर गंभीर रूप से झुलसे पांच अन्य को डाॅ. आरके सिंह ने मेडिकल काॅलेज सिद्धार्थनगर के लिए रेफर कर दिया। एसडीएम प्रदीप कुमार यादव, सीएफओ यतींद्रनाथ, पीब्ल्यूडी के सहायक अभियंता बीबी सिंह, तहसीलदार पियूष श्रीवास्तव और नायब तहसीलदार अमित सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। एसपी प्राची सिंह ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हाल जाना।