खुखुंदू। थाना क्षेत्र के मठिया पठान गांव में कोटे की दुकान पर राशन लाने गई 17 वर्षीय किशोरी को देख युवक ने तंज कसा तो वह घर आकर आपबीती बताई। मां पीड़िता को लेकर उलाहना देने पहुंची तो आरोपी ने परिवार वालों के साथ मिलकर मां-बेटी की पिटाई कर दी। इसके बाद मामला अब थाने आ पहुंचा है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। खुखुंदू क्षेत्र के मठिया पठान गांव निवासी अजीबुन नेशा पत्नी मुन्ना सिद्दीकी का कहना है कि बेटी शबनम शनिवार दोपहर में गांव में कोटे की दुकान पर राशन लेने गई थी। इसी बीच गांव का एक युवक उसे देख तंज कसने लगा और अनाप-शनाप बकने लगा। उसने विरोध जताया तो गाली-गलौज करते हुए मारने-पीटने की धमकी दी। इसके बाद डरी-सहमी शबनम दौड़ते-भागते घर पहुंची और परिजनों से आपबीती बताई।
फिर मां अजीबुन नेशा बेटी शबनम को लेकर आरोपी के दरवाजे पर उलाहना देने पहुंची तो आरोप है कि आरोपी और उसके घरवालों ने मिलकर मां-बेटी की पिटाई कर दी है। पीड़िता थाने पहुंच तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। आपसी वाद-विवाद हुआ है।