रुद्रपुर। रसोई गैस संकट को कम करने के लिए रुद्रपुर में शनिवार को 15 डिलीवरी वैन से 800 सिलिंडर का डोर टू डोर वितरण कराया गया। होम डिलीवरी शुरू हो जाने से एजेंसी पर लगने वाली लाइन छोटी हो गई है। हालांकि अभी भी यहां 2000 सिलिंडर का बैकलॉग चल रहा है। प्रशासन का दावा है कि अगले दो दिन में स्थिति नियंत्रण में आ जाएगी।
शनिवार को नगर के भटोला वार्ड, पश्चिमी तिवारी टोला, मलहटोली वार्ड, पूर्वी तिवारी टोला, मस्जिद वार्ड, गोला वार्ड, बरई वार्ड और दुग्धेश्वर नाथ वार्ड में रसोई गैस की होम डिलीवरी की गई। सुनीता गैस एजेंसी के संचालक चंद्रपाल सिंह ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग कर डीएससी कोड प्राप्त करने वाले उपभोक्ताओं को उनके घर पर सिलिंडर पहुंचा दिया जा रहा है। उपभोक्ता रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल कर या ऐप के माध्यम से अपने रसोई गैस की बुकिंग कर सकते हैं। उपभोक्ता सैरून निशा, मोहम्मद एजाज, शैलेंद्र मिश्रा आदि ने कहा कि होम डिलीवरी शुरू हो जाने से उपभोक्ताओं को काफी राहत मिल रही है।
वितरण व्यवस्था के नोडल अधिकारी नायब तहसीलदार अनिल तिवारी ने बताया कि गैस बुक करने वाले करीब 2000 उपभोक्ताओं का बैकलॉग चल रहा है। आगामी दो दिनों में सभी बैकलॉग खत्म हो जाएगा।