निचलौल झूलनीपुर नहर पटरी मार्ग पर पलटी स्कूली वैन से बच्चों को बाहर निकालते लोग।
निचलौल। थाना क्षेत्र के झुलनीपुर नहर पटरी मार्ग स्थित करमहिया गांव के कुछ दूर आगे मंगलवार को एक स्कूली वैन साइकिल सवार छात्रा को टक्कर मारने के बाद खुद गड्ढे में पलट गई। इस दौरान स्कूली वैन और साइकिल सवार छात्रा सहित कुल पांच घायल हो गए। घटना सुबह आठ बजे की है।
हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों की मदद से तीन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने दो बच्चों की हालत नाजुक देख प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि दो छात्रों का इलाज अस्पताल में ही चल रहा है। दो अन्य मामूली घायल बच्चों को परिजन लेकर घर चले गए। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यदर्शियों के मुताबिक, निचलौल शहर स्थित एक इंटरमीडिएट कॉलेज की वैन मंगलवार सुबह भी छात्राओं को लेने के लिए झुलनीपुर की ओर जा रही थी।
मैजिक वैन करमहिया गांव के आगे करीब 200 मीटर दूर पहुंची थी। वैन ने नारायण एकेडमी में पढ़ने जा रही साइकिल सवार छात्रा अंशु सहानी (13) निवासी करमहिया को पीछे से टक्कर मारकर अनियंत्रित होकर नहर पटरी किनारे गड्ढे में पलट गई। गनीमत रहा कि वैन नहर में नहीं गिरी। हादसे में साइकिल सवार छात्रा अंशु सहानी के साथ ही वैन सवार आलिया (14) और सद्दाम (6) के अलावा दो अन्य सहित कुल पांच बच्चे घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अंशु सहानी, आलिया और सद्दाम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने अंशु सहानी और आलिया की गंभीर हालत देख प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जबकि दो अन्य मामूली घायल बच्चों को परिजन लेकर घर चले गए। हादसे के दौरान चालक वैन से कूदकर मौके से भाग निकला। हेरा पब्लिक इंटरमीडिएट कॉलेज के संचालक डॉ. अजीज अहमद ने बताया कि स्कूल के मैजिक वैन में कुल चार बच्चे सवार थे। मैजिक बच्चों को लेने के लिए जा रही थी। इसी बीच हादसे की शिकार हो गई हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार राहगीरों से सूचना मिली कि हेरा पब्लिक इंटरमीडिएट कॉलेज की वैन पलट गई है। मौके पर पुलिस टीम पहुंची लेकिन उससे पहले पलटी वैन को जिम्मेदार लेकर भाग निकले थे। मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।