सिद्धार्थनगर। विकास खंड लोटन स्थित आदर्श लघु माध्यमिक विद्यालय मुड़िला अदाई की छात्राओं ने एसएसबी जवानों को राखी बांधी। जवानों ने देश की रक्षा करने के साथ-साथ बहनों की सुरक्षा करने का भी संकल्प लिया।
नेपाल सीमा पर तैनात बीओपी हरिबंशपुर ठोठरी के इंस्पेक्टर जसवंत सिंह व एसआई सतीश कुमार ने कहा कि हम लोग सीमा पर तैनाती के कारण रक्षाबंधन पर घर नहीं जा पाते हैं। बावजूद इसके इस पर्व पर बहनों ने हमें राखी बांध कर ऋणी कर दिया है। इस लमहे को जीवन पर्यंत याद रखेंगे ।
जवानों को विद्यालय की छात्रा सुनीता, पूनम, शिवानी, प्रमिला, दुर्गावती आदि ने राखी बांधी और देश की रक्षा करने का वचन लिया। इस मौके पर प्रधानाचार्य एसके श्रीवास्तव सहित विद्यालय के अध्यापक व कई अन्य लोग मौजूद रहे।