इटवा। मिश्रौलिया थाने के गौरडीह गांव के पश्चिम में बुधवार सुबह राजमणि सिंह मेमोरियल इंटर काॅलेज बंदुआरी जा रही बच्चों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बच्चा चोटिल नहीं हुआ। मामूली खरोंच ही आई। वहीं, हादसे की जानकारी होते ही बच्चों के अभिभावकों में अफरा-तफरी मच गई। सब बच्चे सुरक्षित मिले तो राहत की सांस ली।
बुधवार सुबह रोजाना की तरह एक बस बच्चों को लेकर राजमणि सिंह मेमोरियल इंटर काॅलेज बंदुआरी जा रही थी। अभी वह गौरडीह गांव से निकली ही थी कि सुबह हो रही बारिश से बने कीचड़ में फिसलकर सड़क के किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई और बस सड़क के बगल खाई में पलट गई। उस समय बस में गौरडीह निवासी ड्राइवर पुल्लू व पांच बच्चे थे। गनीमत रही कि बस एक तरफ पलटी वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
बस पलटने के बाद आसपास के लोगों ने दरवाजे के रास्ते बच्चों को बाहर निकाला। इसमें मामूली खरोंच आई। हादसे के बाद बच्चों के निकलने तक अफरा- तफरी मची रही। इस संबंध में एसओ नारायन लाल श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे के समय बारिश हो रही थी। सड़क पर गीली मिट्टी के कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे पलट गई। बस में सवार बच्चे व चालक सुरक्षित निकाल लिए गए।