आचार संहिता की आहट के बावजूद परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को बांटने के लिए आया स्कूल बैग कई दिनों तक जिले के बीआरसी पर ही पड़ा रहा। बुधवार को आचार संहिता लगने की खबर आने पर बेसिक शिक्षा विभाग सक्रिय हुआ। आनन-फानन में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अलर्ट किया और उन्होंने प्रधानाध्यापकों को बीआरसी आकर बैग ले जाने का फरमान जारी कर उसे तत्काल बच्चों को बांटने का निर्देश दिया। जिसके चलते सभी ब्लाकों के बीआरसी पर बुधवार को काफी गहमागहमी रही।
बड़ी तेजी से प्रधानाध्यापक व शिक्षक स्कूल बैग ले जाते दिखे और उसे बच्चों को बांटने का काम भी शुरू कर दिया। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या सारे बैग, आचार संहिता लगने से पहले बंट पाएंगे या नहीं।
हालांकि सपा नेता आखिरी मौके पर भी अपने सरकार के विकास का डंका बजाने में पीछे नजर नहीं आए। जोगिया विकास क्षेत्र के प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय पकड़ी लाला में शोहरतगढ़ विधायक प्रतिनिधि उग्रसेन सिंह ने एक कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्कूल बैग बांटा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने पठन-पाठन को ध्यान मे रखते हुए बच्चों को बैग दिया है, जिससे बच्चे अपनी किताब को रखकर आसानी से स्कूल आ जा सके। प्राथमिक विद्यालय के 285 व पूर्व माध्यमिक विद्यालय के 34 बच्चों को स्कूल बैग दिया गया। स्कूल बैग पाकर बच्चे काफी खुश नजर आए।
जोगिया की खंड शिक्षा अधिकारी रीता गुप्ता का कहना था कि स्कूलों में बैग का वितरण आचार संहिता लागू होने से पहले किया गया है। जैसे ही आचार संहिता लगने की सूचना मिली, सभी प्रधानाचार्यों को वितरण न करने की हिदायत दे दी गई थी। इसके बाद वितरण हुआ होगा तो जांच कराई जाएगी।
इस दौरान समन्वयक लालजी यादव, शैलेंद्र राय, अनुपम सिंह, अंग्रेज प्रधान, अनिल चौधरी, रामकृपाल, वीरेंद्र कुमार भाष्कर, अनीता, रीता, नीतू, जागृति, दीपिका, विवेकानंद, सुभाष, राजेश आदि मौजूद रहे।
वहीं जोगिया विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय करौंदा मसिना व पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवरा बाजार में और भी खराब स्थिति देखने को मिली। यहां अभी तक बच्चों के एमडीएम के लिए आया थाली व गिलास भी अभी तक बच्चों को बांटा नहीं गया था। आचार संहिता लगने की खबर आने पर प्रधानाध्यापक और शिक्षक जागे और आनन-फानन में बच्चों को थाली व गिलास के साथ स्कूल बैग भी बांटा। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि महेश कुमार पांडेय, मोनिका मौर्य, रामप्रताप यादव, रामदेव लाल, रत्नेश सिंह आदि मौजूद रहे।