जनपद में खुलेंगे 15 साथिया केंद्र
जिला अस्पताल के साथ-साथ सीएचसी व पीएचसी में होगी यह सुविधा
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत होगी काउंसलिंग
किशोर-किशोरियों की दिनचर्या बेहतर बनाएगा केंद्र
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग किशोर-किशोरियों के जीवन में बदलाव लाने और उनकी दिनचर्या को बेहतर बनाने के लिए जिले भर में 15 स्थानों पर साथिया केंद्र खोले जाएंगे। ये साथिया केंद्र ब्लॉक मुख्यालयों के सीएचसी-पीएचसी व जिला अस्पताल पर खोले जाएंगे।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग जिले के हर ब्लॉक पर किशोर-किशोरी को इस उम्र में होने वाले शारीरिक और मानसिक बदलावों से परिचित कराने के लिए साथिया केंद्र खोला जा रहा है। इन केंद्रों पर 10 से 19 वर्ष के बीच आने वाले किशोर-किशोरी को लाकर बेहतर स्वास्थ्य रखने की काउंसलिंग की जाएगी। इसमें स्कूल जाने वाले या स्कूल न जाने वाले, विवाहित या अविवाहित हो सभी को शामिल किया गया है। काउंसलिंग के दौरान इन्हें मानसिक स्वास्थ्य, प्रजनन स्वास्थ्य, मातृत्व स्वास्थ्य, माहवारी के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही खून की कमी को दूर करने के लिए आयरन की गोली, कृमिनाशक दवा के सेवन आदि से परिचित कराया जाएगा। वहीं बढ़ती उम्र के साथ खाने-पीने के उपाय भी बताए जाएंगे। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यकम के (आरकेएसके) समन्वयक अनंत प्रकाश ने बताया कि साथिया केंद्रों पर काउंसलर तैनाती की प्रकिया शुरू कर दी गई है। जब तक काउंसलर नहीं आ जाएंगे तब तक स्टॉफ नर्स साथिया केंद्र का संचालन करेंगी। ममता संस्था के जिला समन्वयक शोएब रजा ने बताया कि जनवरी 2020 में जिले के सभी इंसेफेलाइटिस ट्रीटमेंट सेंटर (ईटीसी) पर तैनात एक-एक स्टॉफ नर्स व बीसीपीएम को ट्रेनिंग दी गई थी। काउंसलर न आने तक यह सभी आसानी से साथिया केंद्र का संचालन कर सकते हैं।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत साथिया केंद्र जिले भर में स्थापित होने हैं। अभी तक पांच ब्लॉकों में केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। शेष बचे जगहों पर केंद्र का शुभारंभ करने को निर्देश दिए गए हैं।
-डॉ. आईवी विश्वकर्मा, सीएमओ