संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं 19 फरवरी से शुरू होंगी। 28 फरवरी को इस परीक्षा का समापन होगा। 10 दिन तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा में जिले के 836 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षा को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके लिए परिषद की ओर से पांच केंद्र बनाए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद नाथ ने बताया कि परिषद के अनुसार परीक्षा परीक्षा दो पालियों में सुबह 8.30 से 11.45 बजे तक और दूसरी पाली में दो से 5.15 बजे तक होंगी। परिषद की ओर से जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 19 फरवरी को अनिवार्य संस्कृत का पेपर होगा। परीक्षा के कार्यक्रम जनवरी में ही जारी कर दिए गए हैं। सभी विद्यालयों को भेजकर इसके लिए सभी आवश्यक तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साल की तरह इस साल भी परीक्षा की वेबकास्टिंग की जाएगी। इसके लिए कर्मचारियों की तैनाती होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी होना अनिवार्य है। परीक्षा केंद्र में डबल लॉक आलमारी में पेपर-कॉपी रखवाए जाएंगे। समय सारिणी के अनुसार परीक्षा समाप्त होने तक अंतिम दिनों में कठिन विषयों की परीक्षाएं होंगी। इसमें 24 फरवरी को अर्थशास्त्र, 26 फरवरी को गणित और 27 फरवरी को अंग्रेजी की परीक्षा होगी। कठिन परीक्षाएं अंतिम दिनों में होने के कारण परीक्षार्थियों को तैयारी करने का समय भी मिलेगा।