‘हर पीड़ित के साथ है समाजवादी पार्टी’
बोले, सपा पिछड़ा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल
सपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत किया
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सपा कार्यकर्ता और पार्टी हर पीड़ित के साथ खड़ी है। संविधान से छेड़छाड़ नहीं होने दिया जाएगा। आज प्रदेश में वर्ग और जाति के नाम समाज को तोड़ने की साजिश चल रही है। प्रदेश में जंगलराज कायम है, अपराध बढ़ा है। सीएम के शहर में अपहरण के बाद हत्या कर दी जाती है।
यह बातें सपा पिछड़ा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष डॉॅ. राजपाल कश्यप ने कही। वह शुक्रवार को सपा कार्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे। उन्होंने कहा मौजूदा प्रदेश में भ्रष्टाचार, लूट, हत्या और डकैती जैसे संगीन अपराध हो रहे हैं। जाति विशेष को ध्यान में रखते हुए पार्टी काम कर रही है। विकास की बात करने वाले प्रदेश को विनाश की ओर ले जा रहे हैं। सरकारी शिक्षण संस्थाओं को निजीकरण किया जा रहा है। इसमें गरीब तबके के बच्चों को शिक्षा से वंचित होना पड़ेगा। यहां तक कि पार्टी के विधायक खुद खुलकर सामने आ चुके हैं और सरकार के कार्यों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए वर्ग विशेष का शोषण किए जाने की बात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
पिछड़े समाज को एक करने पर दिया जोर
सपा कार्यालय पर आयोजित बैठक में पिछड़ा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप ने समाज को जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सपा पिछड़ों और दलित वर्ग को साथ लेकर चल रही है। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग के लोग शिक्षा पर ध्यान दें। बिना शिक्षित हुए कुछ संभव नहीं है। इसलिए शिक्षा पर विशेष जोर दें और अपने हक की लड़ाई लड़े। इस दौरान जिलाध्यक्ष लालजी यादव, पूर्व राज्यसभा सांसद आलोक तिवारी, पूर्व विधायक विजय पासवान, रामकुमार यादव, इद्रीश पटवारी, चमन आरा राइनी, मो. जमील सिद्दीकी, विभा शुक्ला, तौलेश्वर निषाद, मणेंद्र मिश्र आदि मौजूद रहे।