डीपीआरओ समेत चार का वेतन रोका गया
सामुदायिक शौचालयों के रखरखाव एवं संचालन का मामला
सीडीओ की कार्रवाई में दो डीसी और एक डीपीएम भी शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सामुदायिक शौचालयों के रखरखाव और संचालन में निर्देश का समय से अनुपालन नहीं करने के आरोप में जिला पंचायतराज अधिकारी समेत दो जिला समन्वयक और एक डीपीएम का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है। यह कार्रवाई सीडीओ की ओर से की गई है।
मिशन निदेशक, स्वच्छ भारत उत्तरप्रदेश की ओर से आए पत्र के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्र में निर्मित सामुदायिक शौचालयों के रखरखाव और संचालन का दायित्व प्राथमिकता के आधार पर स्वयं सहायता समूह को दिए जाने का निर्देश था। जनपद में कम से कम 100-100 शौचालयों को समूहों को हस्तांतरित कराते हुए उन्हें प्रथम किस्त की धनराशि का भुगतान किया जाना था। समीक्षा में प्रदेश के 10 खराब जिलों में सिद्धार्थनगर भी शामिल है। इसके अलावा वर्ष 2020-21 अंतर्गत वार्षिक पुस्तिकाएं शत-प्रतिशत बंद किए जाने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद अब तक फीडिंग कार्य में गुणात्मक सुधार नहीं हो सका है। सीडीओ पुलकित गर्ग ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायतराज अधिकारी आदर्श समेत जिला समन्वयक अमित श्रीवास्तव, संजय तिवारी, डीपीएम शशिकांत शुक्ल का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है। दोनों बिंदुओं पर अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है, अन्यथा की स्थिति में विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चस्तर पर संस्तुुति करने की चेतावनी दी है।