-भनवापुर क्षेत्र के मन्नीजोत गांव में आयोजित माता बैठक में अधीक्षक ने दी योजनाओं की जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। ब्लाॅक क्षेत्र के 32 गांव में मंगलवार को संचार गतिविधि के तहत माता बैठक का आयोजन हुआ। अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने मन्नीजोत गांव पहुंचकर माता बैठक का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों को महत्वपूर्ण कार्यक्रमों जैसे गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण व प्रसव पूर्व जांच के महत्व, बच्चों तथा किशोर-किशोरियों के टीकाकरण के फायदे , प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के दौरान दी जाने वाली सेवाओं की जानकारी दी।
अधीक्षक ने बताया कि प्रसव के दौरान गर्भवतियों को जननी सुरक्षा योजना के तहत दी जाने वाली चिकित्सकीय इलाज व जन्म के समय पर दी जाने वाली वैक्सीन के फ़ायदे उठाएं, जिससे जच्चा व बच्चा को सुरक्षित किया जा सके। अधीक्षक ने ग्रामीणों को बताया कि 70 साल से अधिक उम्र के सभी व्यक्ति, अंत्योदय कार्ड के सभी व्यक्ति तथा आयुष्मान के अन्य लाभार्थी एएनएम तथा पंचायत सहायक से आयुष्मान कार्ड बनवाकर सरकारी व गैर सरकारी पंजीकृत अस्पताल में पांच लाख प्रति वर्ष का लाभ उठा सकते हैं।
अधीक्षक ने बताया कि आंगनबाड़ी बच्चों का समय-समय पर वजन करें तथा कुपोषित बच्चों की लाइन लिस्टिंग तैयार करते हुए कुपोषित बच्चों के पोषण, टीकाकरण तथा चिकित्सीय इलाज व परामर्श पर विशेष ध्यान दे। बीएमसी सूर्यदेव सिंह ने बताया कि एएनएम तथा आशा बहु ड्यू लिस्ट अपडेशन व वैलिडेशन करते हुए बुलावा पर्ची का वितरण करें तथा टीकाकरण दिवस के दिन लाभार्थियों को बुलाकर सेवा दिलवाने में सहयोग करें।
इस दौरान संध्या श्रीवास्तव, गीता, शशिकला, उर्मिला, मीनाक्षी, सुनीता आदि मौजूद रहीं।