बांसी कोतवाली में बरामद रकम जमा कराती टीम।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर/बांसी। पुलिस और फ्लाइंग स्क्वॉड की टीमों ने चेकिंग के दौरान जिले में अलग-अलग स्थानों से 5 किलो घुंघरू और 2.56 लाख रुपये कैश पकड़ा है। कैश व सामान के साथ मौजूद लोग टीम को कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। सामान व पैसा सीज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है। सदर पुलिस टीम बांसी स्टैंड के पास शनिवार की रात चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान गोरखपुर की ओर से आ रही स्कार्पियो को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें से 5 किलो घुंघरू और 1.84 लाख रुपये कैश पकड़ा गया। वाहन में सवार युवक ने अपना नाम अवधेश निवासी ककरहवा बताया। टीम ने उससे सामान व कैश रखने के संबंध में दस्तावेज मांगे तो वह मौके पर कोई साक्ष्य नहीं उपलब्ध करा सके। वाहन के कागजात दिखाने पर उसे छोड़ दिया गया, जबकि सामान व कैश पुलिस टीम ने सीज कर लिया। एसआई अभिमन्यु सिंह के मुताबिक कागजात लाने के लिए मौका दिया गया है।
रसीद उपलब्ध न कराने पर कैश व सामान को जब्त कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, बांसी कोतवाली क्षेत्र में फ्लाइंग स्क्वॉड ने रविवार को बस्ती मार्ग पर लोहरौली चौराहे पर चेकिंग के दौरान एक ट्रक के चालक के पास से 72 हजार रुपया बरामद किया। बांसी से बस्ती की ओर जा रहे ट्रक को रोककर टीम ने तलाशी ली तो चालक कृष्ण कुमार के पास 72 हजार रुपये मौजूद थे। इसमें 2 हजार के 36 नोट थे। पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर टीम ने धनराशि थाने में जमा करा दी। जांच टीम में जगदंबा सिंह, एसआई जुबेर अली, कांस्टेबल रमाशंकर, कमल किशोर, हरिओम पांडेय, बृजेश चौधरी और सिद्धार्थ तिवारी शामिल रहे।