धनरतेस और दीपावली पर बाजार में रहती है भीड़, बांसी और हाइडिल तिराहा से बड़े वाहनों के अंदर प्रवेश करने पर रोक रहेगी
जाम से बचाव के लिए दो शिफ्ट में तैनात होंगे सुरक्षाकर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। धनरतेस और दीपावली पर नगर में खरीद करने के लिए आने वालों को इस बार जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। इसके लिए पुलिस ने पहले ही मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। बाजार की भीड़ को देखते हुए बांसी और हाइडिल तिराहे पर ही बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी जाएगी। बैरिकेडिंग करके सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।
दीपावली में लोग खूब खरीदारी करते हैं। इसमें धनतेरस के दिन की खरीद बहुत अच्छी मानी जाती है। इसलिए लोग मुख्य बाजार की ओर रुख करते हैं। नगर में स्थायी पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण सामान्य दिन में ही जाम लग जाता है। त्योहार में जाम लोगों के लिए मुसीबत न बने, इसके लिए पुलिस ने पहले से ही मास्टर प्लान तैयार किया है।
बर्डपुर, पुरानी नौगढ़ की ओर से शहर में आने वाले बड़े वाहन बांसी तिराह से अंदर शहर में बाजार के समय प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इसके साथ ही हाइडिल तिराहा पर जाम काे रोकने के लिए बड़े वाहनों को रोका जाएगा। दोनों स्थानों पर बैरिकेडिंग के साथ ही सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी दो शिफ्टों में लगाई जाएगी। इसके साथ ही मेले में भी महिला और पुरुष सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। ये बाजार में होने वाली दिक्कत से आम लोगों को बचाने का कार्य करेंगे। सिविल ड्रेस में भी सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे।
इस संबंध में सीओ सदर अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि त्योहार में बाजार में आने वाले लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके लिए बाजार के समय शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। सुरक्षाकर्मी मुस्तैद रहेंगे और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करेंगे।