सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर रोडवेज बस स्टेशन की तलाश करने वालों को अब परेशान नहीं होना पड़ेगा। पुनरुद्धार कार्य के तहत यूपीपीसीएल की ओर से 3.23 करोड़ रुपये से बस स्टेशन की सूरत बदली जाएगी। दोनों तरफ गेट, रोडवेज परिसर के फर्श का उच्चीकरण व पक्के फर्श का निर्माण, बाउंड्रीवाल, यात्रियों के लिए टिनशेड का छाजन, बैठने के लिए बेंच समेत अन्य सुविधाओं का निर्माण होगा। वर्तमान में रोडवेज परिसर में चल रहे कार्य के पूर्ण होने से अब तक बारिश के मौसम में परिसर में होने वाले जलभराव मुक्ति मिलेगी और यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। साथ गेट पर रोडवेज संबंधी बोर्ड लगाए जाने से इसकी पहचान की दिक्कत भी नहीं रहेगी।
सिद्धार्थनगर रोडवेज बस स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का अभाव है। यहां धूप, बारिश और ठंडी में यात्रियों को मुश्किलों का सामना करते हुए बस का इंतजार करना पड़ता है। बारिश के मौसम में रोडवेज परिसर का फर्श नीचे होने के कारण जलभराव होने से जहां बसों के पहिए फंसने से परेशानी होती है। वहीं, यात्रियों को सांसत झेलना पड़ता है। वर्तमान में गर्मी में पीने के लिए शुद्ध पानी की उपलब्धता नहीं होने से भी यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इसके देखते हुए परिवहन विभाग की ओर से रोडवेज बस स्टेशन के पुनरुद्धार की कार्ययोजना मांगी गई थी, जिसके लिए शासन से धन स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। इसके तहत रोडवेज परिसर के निचले फर्श के उच्चीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। साथ ही गेट और बाउंड्रीवाल का भी निर्माण कार्य चल रहा है।
परिसर में लगेगा वाटर कूलर
रोडवेज परिसर के पुनरुद्धार कार्य के तहत यहां यात्रियों को शुद्ध पीने का पानी मुहैया कराने के लिए वाटर कूलर लगाया जाएगा। इससे वर्तमान गर्मी के मौसम में शुद्ध और ठंडे पानी के लिए भटक रहे यात्रियों को राहत मिलेगी। वर्तमान में यहां पर यात्रियों के पीने के लिए कोई सुविधा नहीं है। यहां लगा इंडिया मार्का हैंडपंप खराब पड़ा है और टोंटियां भी क्षतिग्रस्त हो चुकीं हैं, जिससे यात्रियों को दुकानों से खरीदकर बोतल का पानी पीना पड़ रहा है। वहीं, देर रात में यहां पहुंचने वाले यात्रियों को आसपास की दुकानें बंद होने पर पानी के लिए रेलवे स्टेशन पर जाना पड़ता है।
जर्जर कार्यालय भवन की होगी मरम्मत
रोडवेज परिसर में बना कार्यालय भवन वर्तमान में बेहद जर्जर हो चुका है। इसके प्लास्टर टूट कर गिर रहे हैं और कई दरवाजे और खिड़कियां भी बेकार हो चुके हैं। पुनरुद्धार योजना के तहत रोडवेज कार्यालय भवन की मरम्मत कराई जानी है। इसके तहत टूटे प्लास्टर की मरम्मत, दरवाजे और खिड़कियां बदलने समेत रंगाई-पुताई का भी कार्य कराया जाना है। इससे जहां रोडवेज कर्मियों और यात्रियों को सुविधा होगी। वहीं, अनजान से इस जर्जर रोडवेज भवन का कायाकल्प होने से उसे नई पहचान मिलेगी। साथ ही कार्यालय भवन में रखे अभिलेखों एवं अन्य वस्तुओं की सुरक्षा भी हो सकेगी।
खुले में खड़े होकर करते है बस का इंतजार
रोडवेज परिसर में यात्रियों के लिए छाजन की व्यवस्था नहीं होने से लोग सर्दी, गर्मी व बरसात में खुले में खड़े होकर बस का इंतजार करने को मजबूर रहते हैं। बृहस्पतिवार सुबह बस पकड़ने आया एक परिवार रोडवेज के बाउंड्रीवाल के पास छांव की तलाश करता दिखा। वहीं तेज धूप से बचने के लिए कुछ लोग रोडवेज कार्यालय भवन के बाहर भी छाए में फर्श पर बैठे नजर आए। यहां बस पकड़ने आए राजेश का कहना था कि चाहे धूप हो या बारिश रोडवेज परिसर में यात्रियों के लिए कहीं भी सुविधा नहीं है। छाजन के अभाव में ठंड के मौसम में भी लोग ठिठुरते हुए बस का इंतजार करने को मजबूर रहते हैं।
शासन से रोडवेज कार्यालय एवं परिसर के पुनरुद्धार योजना के तहत कार्य कराने की स्वीकृति मिली है। इसके तहत परिसर के फर्श का उच्चीकरण और वाटर कूलर लगाने समेत अन्य कार्य कराए जाने हैं। इससे कर्मचारियों के साथ ही यात्रियों को भी सुविधा होगी।
बीके गंगवार, एआरएम सिद्धार्थनगर रोडवेज