संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिया। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे नौगढ़-बांसी मार्ग पर एसएसबी कैंप के पास शुक्रवार को रोडवेज की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क की पटरी से नीचे उतर गई। हादसा देखकर एसएसबी के जवान और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हालांकि, बस में सवार यात्री सुरक्षित हैं, किसी को चोट नहीं आई है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने बताया कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस यात्रियों को लेकर बांसी की तरफ जा रही थी। अभी बस करौंदा-मसीना चौराहे से नौगढ़ की तरफ बढ़कर एसएसबी कैंप के समीप पहुंची थी, तभी चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित होकर बस लहराते हुए सड़क की पटरी को छोड़कर लगभग 10 फुट नीचे ढलान पर उतर गई।
बस के अचानक सड़क से नीचे उतरते ही भीतर बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार शुरू हो गई। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को पलटने नहीं दिया और ढलान पर ही ब्रेक लगाकर रोक लिया। हादसा एसएसबी कैंप के बिल्कुल नजदीक हुआ था, इसलिए तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर कैंप में तैनात एसएसबी के जवान वहां पहुंच गए और यात्रियों को बस से बाहर निकलवाया। इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है। मामूली खरोंच आने की बात सामने आई।
इस संबंध में थानाध्यक्ष जोगिया अभय सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई थी। गनीमत यह है की कोई भी बड़ा हादसा नहीं हुआ। सभी यात्री सुरक्षित हैं।