बांसी। बांसी कोतवाली क्षेत्र के बांसी-बस्ती मार्ग पर एनएच-233 पर शुक्रवार की सुबह सात बजे महोखवा के पास रोडवेज की अनुबंधित बस व ट्रेलर में टक्कर हो गई। इस हादसे में दो यात्री घायल हो गए है। घायलों में एक का जिला अस्पताल, जबकि दूसरे का पीएचसी बांसी में इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, रोडवेज की अनुबंधित बस सवारी लेकर बस्ती से बांसी आ रही थी। जैसे ही महोखवा पुल के पास पहुंची कि घना कोहरा होने से बांसी से तिलौली जा रहे खाली ट्रेलर से टकरा गई। इससे बस में सवार बस 44 वर्षीय उमेश गौड़ खरहरा थाना गढ़वार जिला बलिया व 32 वर्षीय विकास त्रिपाठी निवासी सेखुई थाना गोल्हौरा घायल हो गए।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद घायलों को तत्काल पीएचसी बांसी लाया गया। जहां चिकित्सक डाॅ. अश्वनी चौधरी ने विकास त्रिपाठी की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया और उमेश गौड़ इलाज कराकर चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर कोतवाली पुलिस पहुंच गई थी। इस संबंध में कोतवाल रामकृपाल शुक्ल ने बताया कि इस मामले में कोई तहरीर अभी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।