डुमरियागंज क्षेत्र के खरगौला गांव में सड़क किनारे खोदा गया गड्ढे।
भारतभारी। डुमरियागंज ब्लाॅक के खरगौला और मड़हली गांव में जल जीवन मिशन योजना के तहत शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के नाम पर गांव की गलियों व सड़कों में गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है। जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। हमेशा गड्ढे में गिरकर घायल होने का डर बना रहता है।
क्षेत्र के खारगौला गांव के प्रधान डॉ. मोहम्मद अय्यूब, विनोद शर्मा, मुनव्वर हुसैन, राधे श्याम, इनायतुल्लाह खान तथा मड़हली गांव के नसीम अहमद, यार मोहम्मद, प्रेम कुमार, महेश कुमार का कहना है कि पाइप लाइन तो डाल दी गई, लेकिन खोदे गए गड्ढे को नहीं पटवाया गया, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। मड़हली गांव में पाइप को बीच सड़क पर डाल कर छोड़ दिया गया है, जिससे लोग चोटिल होते रहते हैं।
ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से गड्ढों को पटवाने की मांग की है।
इस संबंध में डुमरियागंज एसडीएम डॉ. संजीव दीक्षित ने बताया कि जानकारी नहीं है। संबंधित जिम्मेदार से बात करके समस्या का समाधान करवाया जाएगा।