सिद्धार्थनगर। धन आवंटन के साथ ही टेंडर प्रक्रिया पूरी हुए तीन माह बीतने के बाद भी शहर के आजाद नगर व सरोजनी नगर मोहल्ले में जाने वाली सड़क का निर्माण नहीं हुआ। इस कारण दो दिन पहले हुई बारिश के बाद जलभराव होने के साथ ही सड़क पर कीचड़ पसर गया है।
मुहर्रम के दिन लोगों के आवागमन के लिए प्रशासन की तरफ से आनन-फानन में सड़क के कीचड़ को साफ कर गिट्टी बिछाई गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर बारिश हुई तो फिर से सड़क से गुजरना मुश्किल हो जाएगा।
शहर के आजाद नगर व सरोजनीनगर मोहल्ले में जाने वाली सड़क पिछले पांच वर्ष से जर्जर है। टूट कर गड्ढे में बदल चुकी इस सड़क पर हर समय जलभराव रहता है और कीचड़ जैसे हालात रहते हैं।
इससे सड़क में जलभराव होने से लोगों की दुश्वारियां और बढ़ गईं। नगर पालिका की ओर से उच्चीकरण करते हुए सड़क निर्माण के लिए कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजा गया, जहां इस मार्ग पर पांच सौ मीटर सीसी रोड निर्माण के लिए 99 लाख रुपये धनराशि आवंटित की गई।
नगर पालिका ने तीन माह पूर्व सड़क निर्माण का टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इसके बाद भी सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। वर्तमान में लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं।