पेड़ से टकराई बाइक दो की मौत, एक जख्मी
डुमरियागंज थानाक्षेत्र के महुआरा चौराहे पर देर रात हुआ हादसा
रेलवे टिकट के सिलसिले में गए थे बस्ती, गांव लौटते वक्त हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
डुमरियागंज/बेवां (सिद्धार्थनगर)। थानाक्षेत्र के महुआरा चौराहे पर रविवार की रात एक बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस ने सोमवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के बगड़हिवा गांव निवासी जगदीश यादव (26) रविवार की सुबह बगल के गांव मधुनगर निवासी रिंकू वर्मा (22) और मोतीराम वर्मा (23) के साथ बस्ती रेलवे स्टेशन पर टिकट के सिलसिले में गया था। बताया जा रहा है कि रात साढ़े नौ बजे घर लौटते वक्त महुआरा गांव के पास जगदीश बाइक से नियंत्रण खो दिया। बाइक सड़क किनारे पेड़ से जा टकरा गई। हादसे में मोतीराम और जगदीश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रिंकू गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने रिंकू को इलाज के लिए सीएचसी बेवां पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर बस्ती जिला अस्पताल और वहां से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। डुमरियागंज इंस्पेक्टर केडी सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
जगदीश की पत्नी गर्भवती है। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था अभी कोई बच्चा नहीं है। बताया जाता है कि कुछ वर्ष पहले जगदीश के पिता जीवन की भी मौत हो गई थी। जिससे उसके पूरे परिवार का जिम्मा उसी पर था। मोतीराम वर्मा पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
घर से कुछ दूरी पर ही हुआ हादसा
महुआरा चौराहे पर मार्ग दुर्घटना के शिकार हुए युवकों का गांव घटनास्थल से महज आधा किलोमीटर दूर रह गया था। कुछ मिनटों में ही सब घर पहुंच जाते, लेकिन रास्ते में ही अनहोनी हो गई।
विधायक ने ढांढस बंधाया
क्षेत्र के महुआरा चौराहे पर हुई मार्ग दुर्घटना में जान गांव देने वाले जगदीश और मोतीराम के घर सोमवार को विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान प्रशासनिक स्तर से आर्थिक मदद दिलाए जाने का भी भरोसा दिलाया।