व्यापारी को मिली जान से मारने की धमकी
फोन पर धमकी मिलने के बाद व्यापारी परेशान
ऑडियो वायरल की लगाई न्याय की गुहार
इटवा थानाक्षेत्र के बेलहसा पाली गांव का निवासी
अमर उजाला ब्यूरो
इटवा। थानाक्षेत्र के एक व्यापारी ने फोन पर जान से मारने की धमकी देने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल करके न्याय की गुहार लगाई। इटवा पुलिस ने धमकी देने वाले के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
क्षेत्र के बेलहसा पाली गांव निवासी व्यापारी रमेश गुप्ता ने रविवार को सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल करके जान का खतरा बताया। वायरल किए गए ऑडियो मैसेज में एक व्यक्ति उसे अभद्र भाषा में बात करते हुए जान से मार देने और लाश गुम कर देने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने गांव के ही एक व्यक्ति पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए थानाध्यक्ष इटवा को शिकायती पत्र दिया। पीड़ित ने ऑडियो की एक डिजिटल कॉपी भी सुबूत के तौर पर पुलिस को दी है। प्रभारी थानाध्यक्ष इटवा रामेश्वर यादव का कहना है कि केस दर्ज करके उचित कार्रवाई की जा रही है।