बीडीओ ने की कार्रवाई, सचिव को जारी किया नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। मनरेगा कार्यों में धांधली का खुलासा ग्राम मधुकरपुर चौबे में जांच के दौरान सामने आया है। मस्टर रोल में 70 श्रमिक कार्य कर रहे थे, जबकि मौके पर केवल 27 श्रमिक ही मिले। उक्त मामले में बीडीओ आलोक दत्त उपाध्याय ने सचिव को नोटिस जारी कर चार दिनों के भीतर जवाब तलब किया है।
मधुकरपुर चौबे गांव में बुधवार को नाला खुदाई व सफाई का कार्य मनरेगा से कराया जा रहा था। ब्लाॅक के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अब्दुल कयूम ने औचक निरीक्षण किया। मस्टर रोल में 70 श्रमिकों को कार्य पर लगाया गया था लेकिन मौके पर बहुत कम श्रमिक कार्य करते पाए गए। इस संबंध में बीडीओ आलोक दत्त उपाध्याय ने बताया कि मधुकरपुर चौबे में मनरेगा के कार्यों में धांधली मिली है। जिसके लिए नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, ब्लाॅक क्षेत्र में विकास कार्यों में भ्रष्टाचार नहीं होने दिया जाएगा।