जिले के 15 मॉडल बूथों वाले गांव होंगे सम्मानित, मांगी गई सूची
- विधानसभा चुनाव में बनाए गए थे 500 मॉडल बूथ
- प्रशासन ने हर विधानसभा से मांगी तीन बूथ की सूची
- फोटो और सुविधाओं के आधार पर तीन श्रेणी में दिया जाएगा पुरस्कार और प्रमाणपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले के 15 गांव जल्द ही पुरस्कार से नवाजे जाएंगे। मॉडल बूथों के पुरस्कार चयन के लिए प्रशासन ने सूची मांगी है। फोटो सहित अन्य सुविधाओं के आधार पर बूथ को चयनित किया जाएगा। इसके बाद अच्छे कार्य के लिए प्रमाणपत्र और इनाम दिया जाएगा। इनमें हर विधानसभा से तीन गांवों को चयनित किया जाना है।
विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरुकता के साथ ही कई उपाय किए गए, जिससे मतदाता जागरुक हों और मतदान में हिस्सा लें। जिले में 500 बूथों को मॉडल बूथ के रूप में चयनित किया गया था। यहां मतदान को उत्सव के तौर पर मनाया जाना था। मॉडल बूथ पर सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थी। बूथ पर ऐसी व्यवस्था की गई थी कि मतदाता आकर्षित होकर मतदान में सहभागी बनने। इसमें हर विधानसभा क्षेत्र से तीन ग्राम पंचायतों के मॉडल बूथ को चयनित करने के उन्हें पुरस्कृत किया जाना था। तीन मार्च को जिले के पांच विधानसभा चुनाव में मतदान संपन्न हुआ। इनमें मॉडल बूथ की एक अलग पहचान दिखी। कहीं पर बैंडबाजे से मतदाताओं का स्वागत किया गया तो कहीं पर बूथ को गुब्बारे से सजाया गया था। वहीं, कुछ स्थानों पर बैठने की उचित व्यवस्था की गई थी। मतदान और मतगणना समाप्त होने के बाद अब मॉडल बूथ के चयन के लिए सूची मांगी गई है। हर विधानसभा से तीन बूथों का चयन किया जाएगा। इसके बाद उन्हें पुरस्कार और प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इस संबंध में डीपीआरओ आदर्श कुमार ने बताया कि मॉडल बूथों को पुरस्कार के लिए चयनित करने के लिए सूची मांगी गई है।
---
इतना मिलना है पुरस्कार
प्रशासन की ओर से सर्वश्रेष्ठ मॉडल बूथ को तीन श्रेणी में बांटा गया है। इनमें प्रथम 10 हजार रुपये का इनाम, द्वितीय 7500 रुपये और तृतीय को पांच हजार रुपये का इनाम और प्रमाणपत्र दिया जाना है।
इन सुविधाओं के आधार पर होगा चयन
पर्याप्त संख्या में कुसी रही हो, शुद्ध पेयजल, भूमि पर कारपेट, व्हील चेयर की व्यवस्था, सेल्फी प्वांइट, बैनरयुक्त गेट और वालराइटिंग व साज सज्जा, महिला और पुरुष के लिए साफ और अलग- अलग शौचालय, हैंड सैनिटाइजर आदि की व्यवस्था मतदान के दिन बूथों पर थी। इन सभी बिंदुओं पर फोटो के आधार पर चयन किया जाएगा।