फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: 34 वर्षों से लंबित चकबंदी विवाद का समाधान, रेलवे परियोजना का रास्ता साफ

Mon, 22 Jun 2026 01:00 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
बांसी। तहसील क्षेत्र के राजपुर गांव में 34 वर्षों से लंबित चकबंदी प्रक्रिया का समाधान कराया गया। एडीएम न्यायिक/ उप संचालक चकबंदी डॉ. ज्ञान प्रकाश ने रविवार को गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और वर्षों पुराने विवादों का शांतिपूर्ण निस्तारण कराया। इसके साथ ही ग्राम पाली रेलवे अधिग्रहण परियोजना से जुड़े कार्यों का रास्ता भी साफ हो गया है।
विज्ञापन

राजपुर गांव में चकबंदी से संबंधित कई विवाद लंबे समय से लंबित थे। ग्रामीणों और प्रशासन के बीच समन्वय नहीं बनने के कारण प्रक्रिया लगातार प्रभावित हो रही थी। स्थिति यह थी कि पिछले चार वर्षों से चकबंदी का कार्य लगभग ठप पड़ा था। इससे न केवल किसानों को परेशानी हो रही थी बल्कि रेलवे परियोजना से जुड़े कार्य भी प्रभावित हो रहे थे।
रविवार को आयोजित चौपाल में डॉ. ज्ञान प्रकाश ने ग्रामीणों की समस्याओं को विस्तार से सुना और मौके पर ही कई बिंदुओं पर समाधान कराया। उन्होंने ग्रामीणों को चकबंदी प्रक्रिया के लाभों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इससे खेतों का समुचित पुनर्गठन होता है, भूमि विवाद कम होते हैं और किसानों को खेती-किसानी में सुविधा मिलती है। अधिकारियों की पहल और ग्रामीणों के सहयोग से वर्षों से लंबित विवादों का समाधान संभव हो सका।
विज्ञापन

उप संचालक चकबंदी ने बताया कि विभाग की ओर से चलाए गए विशेष अभियान के तहत केवल चार दिन में चार वर्षों से लंबित कार्य को पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल अभिलेखीय कार्रवाई पूरी करना नहीं बल्कि ग्रामीणों की सहमति और संतुष्टि के साथ विवादों का स्थायी समाधान कराना है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान जिले में चकबंदी कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। सात गांवों में धारा-52 के अंतर्गत चकबंदी प्रक्रिया पूर्ण कर दी गई है, जबकि छह गांवों में कब्जा परिवर्तन की कार्रवाई संपन्न कराई जा चुकी है। इसके अलावा 13 नए गांवों में चकबंदी विस्तार को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि ग्रामीणों को इसके लाभों से अवगत कराया जा सके।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और चकबंदी विभाग की पहल की सराहना की। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि वर्षों से लंबित अन्य मामलों का भी इसी प्रकार समयबद्ध समाधान कराया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें