14 ब्लाकों की 80 ग्राम पंचायतों में भर्ती के लिए 15 जून से कर सकेंगे आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले के सभी 14 ब्लॉकों की 80 ग्राम पंचायतों में रिक्त चल रहे पंचायत सहायक अथवा एकाउंटेंट कम डाटा इंट्री ऑपरेटर पद के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत 15 से 30 जून के बीच डीपीआरओ, ब्लॉक व ग्राम पंचायत कार्यालय में आवेदन कर सकेंगे। इस पद पर समस्त प्रक्रिया पूर्ण कर 22 से 24 जुलाई तक चयनित व्यक्ति को नियुक्ति पत्र उपलब्ध करा दिया जाएगा।
जिले के सभी ग्राम पंचायत में संचालित पंचायत भवनों पर कार्य करने के लिए पंचायत सहायक की नियुक्ति होनी थी, जिसमें अभी 80 ग्रामों में पंचायत सहायक पद रिक्त पड़े थे। जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने इन रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने रिक्त पड़े पंचायत सहायक अथवा एकाउंटेंट कम डाटा इंट्री ऑपरेटर पद के लिए आवेदन तिथि निर्धारित कर दी है। इसके तहत डीपीआरओ एवं ब्लॉक कार्यालय में भेजे गए आवेदन को एक से छह जुलाई के बीच ग्राम पंचायतों को उपलब्ध करा दिया जाएगा। जिसके बाद सात से 14 जुलाई के बीच ग्राम पंचायत में प्राप्त आवेदनों में श्रेष्ठता सूची (मेरिट लिस्ट) तैयार किया जाएगा।
श्रेष्ठता सूची को ग्राम पंचायत की प्रशासनिक समिति के समक्ष प्रस्तुत एवं अनुमोदन कर जिला स्तरीय समिति के सदस्य सचिव डीपीआरओ को भेजना होगा। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति के परीक्षण एवं संस्तुति के बाद ग्राम पंचायत द्वारा नियुक्ति पत्र का वितरण किया जाएगा।
इन ब्लॉकों में रिक्त है पद
जिले के बांसी, भनवापुर, बर्डपुर, डुमरियागंज, इटवा, खेसरहा, खुनियांव, लोटन, मिठवल, नौगढ़, शोहरतगढ़, उसका बाजार ब्लॉक में पंचायत सहायक के 80 पद रिक्त है। जिन ग्राम पंचायत में यह पद रिक्त है, वहां पर ग्राम पंचायतों के माध्यम से इस पर भर्ती होनी है।