बांसी। रतन सेन डिग्री कॉलेज के विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। आविष्कार फाउंडेशन और संकल्प भारत के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को लखनऊ में आयोजित यूथ एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम (स्कूल अवार्ड्स) में विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट ‘ओमनी ड्राइव’ (मल्टी-फंक्शनल व्हीलचेयर) को उत्कृष्ट श्रेणी में चुना गया। इसके लिए टीम को राम प्रसाद बिस्मिल अवार्ड के साथ दो लाख रुपये का अतिरिक्त नकद पुरस्कार दिया गया।
इस प्रोजेक्ट को कॉलेज के विद्यार्थी ज्ञानवी शुक्ला, अभिषेक चौधरी और प्रियांशी त्रिपाठी ने मिलकर तैयार किया है। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट का कार्यशील मॉडल निर्णायक मंडल के सामने प्रस्तुत किया। दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किए गए इस नवाचार की सराहना की गई।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर कॉलेज प्रशासन, प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने खुशी जताई। कॉलेज परिवार ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संवाद