- तीन दिन बढ़ने के बाद जिले की नदियों के जलस्तर में आया ठहराव
- घटने लगी बूढ़ी राप्ती
सिद्धार्थनगर। तीन दिनों से नेपाल समेत जिले में हो रही बारिश से नदियों के जलस्तर में आया ऊफान थम गया है। बारिश कम होने से शनिवार सुबह राप्ती नदी का जलस्तर स्थिर रहा। वहीं बूढ़ी राप्ती नदी घटने लगी थी। कूड़ा, घोघी व बानगंगा समेत अन्य नदियाें का भी जलस्तर घटता दिखा। इससे तटीय क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।
नेपाल के पहाड़ों में तीन दिन से हो रही बारिश से जिले की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा था लेकिन बारिश न होने से पिछले 24 घंटे से बढ़ोतरी रुक गई है। शुक्रवार शाम को राप्ती नदी का जलस्तर 81.86 मीटर था। वहीं शनिवार सुबह को बढ़कर 81.81 मीटर पर पहुंच गया। बूढ़ी राप्ती नदी का जलस्तर शुक्रवार शाम को 81.25 मीटर था जो शनिवार सुबह घटकर 81.16 मीटर पर पहुंच गया। राप्ती नदी का जलस्तर स्थिर बना हुआ है, वहीं बूढ़ी राप्ती समेत कूडा और घोघी नदियों का जलस्तर घट रहा है। इससे बाढ़ की आहट से सहमे पीड़ितों ने राहत की सांस ली है।
नदियों का जलस्तर मीटर में
नदी खतरे का स्तर शनिवार को जलस्तर
राप्ती 84.900 81.810
बूढ़ी राप्ती 85.650 81.160
कूड़ा 83.520 80.270
घोघी 87.000 85.550
बानगंगा 93.420 89.200